धमधा। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर लगातार 44 दिनों से जारी क्रमिक भूख हड़ताल के बीच आज किसानों का आक्रोश सामने आया। आंदोलनरत किसानों के समर्थन में आगे नहीं आने और उनकी समस्याओं की सुध नहीं लेने से नाराज कांग्रेस के पांच सदस्यों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
इस्तीफा देने वाले सदस्यों में ओम प्रकाश पटेल (दनिया), राजकुमार साहू (खपरी), बिसंभर साहू (परसबोड़), पंचराम साहू (खपरी) एवं देवचरण साहू (पेंड्री) शामिल हैं।
इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने कहा कि वे कांग्रेस के समर्थक और सदस्य रहे हैं, लेकिन किसान पिछले 44 दिनों से अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद अब तक किसी भी कांग्रेस जनप्रतिनिधि ने उनकी सुध लेने, उनकी समस्याओं की जानकारी लेने या उनके साथ खड़े होकर संघर्ष करने की पहल नहीं की।
सदस्यों ने कहा कि किसानों के इतने लंबे आंदोलन के बावजूद जनप्रतिनिधियों की ओर से सहयोग नहीं मिलने से वे आहत और निराश हैं। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
किसानों के आंदोलन के बीच पांच सदस्यों के इस्तीफे से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है। अब देखना होगा कि किसानों की मांगों और पार्टी सदस्यों की नाराजगी पर कांग्रेस संगठन की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।


