दुर्ग। नेशनल हाईवे-53 पर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए हाइवे पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी कर रही है। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को गोल्डन आवर्स के दौरान अस्पताल पहुंचाने, अवैध पार्किंग हटाने, जाम की स्थिति में रास्ता साफ कराने और सड़क पर घूम रहे मवेशियों को सुरक्षित हटाने का कार्य किया जा रहा है।
वर्ष 2026 में हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने नेशनल हाईवे पर हुई 46 सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराने में मदद की। दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में घायलों को चिकित्सा सुविधा दिलाने से उनकी जान बचाने की संभावना बढ़ाने में सहायता मिलती है।
इसके अलावा, हाईवे पर अवैध रूप से खड़े 2,683 वाहनों को हटाकर यातायात सुगम बनाया गया। वहीं, सड़क पर विचरण कर रहे 3,256 मवेशियों को सुरक्षित हटाया गया, जिससे उनके कारण होने वाली संभावित सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिली।
हाइवे पर जाम लगने की स्थिति में पेट्रोलिंग टीम तत्काल कार्रवाई कर मार्ग को क्लियर कराने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का प्रयास करती है। हाइवे पेट्रोलिंग की इस सतत निगरानी का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करना, आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना और वाहन चालकों का सुरक्षित सफर सुनिश्चित करना है।


