आगामी त्योहारों के मद्देनजर बेमेतरा पुलिस का सरप्राइज वाहन चेकिंग अभियान जारी, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई

बेमेतरा, 20 अक्टूबर 2026। आगामी त्योहारों को देखते हुए बेमेतरा पुलिस द्वारा जिले में अपराधों की रोकथाम और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 19 अक्टूबर को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 107 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 28 हजार 300 रुपये समन शुल्क वसूला।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और चौकियों में सघन वाहन जांच की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 18 चालकों पर कार्रवाई

चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई। शराब पीकर वाहन चलाने के 18 मामलों में चालकों के खिलाफ प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश किए गए हैं। इन मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अभियान में बिना आवश्यक दस्तावेज के वाहन चलाने के 70, सीट बेल्ट नहीं लगाने के 5, प्रदूषण संबंधी नियमों के उल्लंघन के 2, गलत तरीके से वाहन खड़ा करने के 6, बिना वर्दी वाहन चलाने का 1, बिना नंबर प्लेट का 1 और बिना हेलमेट वाहन चलाने के 2 मामलों सहित कुल 107 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।

जिलेभर में चल रही सघन जांच

अभियान के तहत बेमेतरा, नवागढ़, नांदघाट, दाढ़ी, साजा, बेरला, परपोड़ी और चंदनू थाना क्षेत्रों के साथ देवकर, मारो, कंडरका, खंडसरा और संबलपुर चौकियों तथा यातायात पुलिस की टीम ने भी कार्रवाई की। प्रमुख चौक-चौराहों और शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वाहनों की जांच की जा रही है।

पुलिस द्वारा तेज गति से वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाने, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने की नियमों का पालन करने की अपील

बेमेतरा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं।

पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष वाहन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। वाहन चालकों से जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1322