बेमेतरा,:- रक्षित केंद्र बेमेतरा स्थित पुलिस कॉलोनी में विगत 09 दिनों से स्थापित माँ दुर्गा भवानी की प्रतिमा का आज विधि-विधान एवं पूर्ण श्रद्धा भाव के साथ विसर्जन किया गया। इस अवसर पर महाआरती, हवन-पूजन, भंडारा-प्रसादी वितरण, जस गीत एवं भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस कॉलोनी में भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।
नवरात्रि के अवसर पर अष्टमी एवं नवमी के दिन पुलिस परिवार के सदस्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं पूर्णाहुति संपन्न की गई। इसके पश्चात कन्या भोज, भंडारा एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान आचार्य अभिषेक दुबे द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया गया। प्रतिदिन रात्रि में पुलिस परिवार के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही जस गीत, भजन-कीर्तन के आयोजन से पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर रहा।



इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस कॉलोनी स्थित माँ दुर्गा भवानी के पंडाल में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा पुलिस परिवार एवं बेमेतरा जिले के नागरिकों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
आज सुबह माँ दुर्गा भवानी की प्रतिमा को बाजे-गाजे, जस गीत, भजन-कीर्तन एवं भक्तिमय माहौल के बीच शोभायात्रा के रूप में विसर्जन के लिए ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य एवं श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा भवानी के जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया।
इस भव्य धार्मिक आयोजन में पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्रीमती रुचि वर्मा, रक्षित निरीक्षक श्री प्रवीण खलखो, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, प्रशिक्षु सूबेदार श्री चुमन लाल उर्वशा सहित बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य, महिलाएं, बच्चे एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
माँ दुर्गा भवानी के प्रति अटूट आस्था एवं श्रद्धा के साथ संपन्न इस आयोजन ने पुलिस परिवार में धार्मिक उत्साह, आपसी सौहार्द एवं एकजुटता का संदेश दिया।


