लवन। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व लवन नगर में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
कार्यक्रम के दौरान राम-रावण युद्ध का मंचन किया गया। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। रावण दहन होते ही लोगों में उत्साह देखने को मिला। आकर्षक आतिशबाजी ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। आतिशबाजी की गूंज करीब चार किलोमीटर तक सुनाई देती रही।
दशहरा उत्सव में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह नजर आया। लोगों ने परिवार और परिचितों के साथ पहुंचकर रावण दहन का आनंद लिया। आयोजन के माध्यम से लोगों को सत्य के मार्ग पर चलने, बुराइयों का त्याग करने और सदाचार अपनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। पुलिस एवं प्रशासन की निगरानी में विजयादशमी का पर्व शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।


