बेमेतरा। जिले के थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने धारदार हथियार लहराकर अश्लील गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए लोहे के चाकू और टंगिया सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, मोहरेंगा निवासी विनोद देवांगन (36 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि 18 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:15 बजे गोवर्धन जांगड़े उसके दुकान के सामने लोहे का टंगिया और करीब 10 इंच लंबा चाकू लेकर पहुंचा था। घास जमीन पर मकान बनाने के विवाद को लेकर आरोपी ने प्रार्थी से पैसों की मांग की। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गोवर्धन जांगड़े ने कमर में रखा चाकू निकालकर लहराया और दूसरे हाथ में टंगिया दिखाते हुए प्रार्थी के साथ अश्लील गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थी ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 351(3) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने हथियार किए जब्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी गोवर्धन जांगड़े (32 वर्ष), निवासी मोहरेंगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू, टंगिया और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में मारपीट के दो और आबकारी एक्ट का एक मामला भी दर्ज है। आरोपी को 18 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला, सहायक उप निरीक्षक सुरेश सिंह राजपूत सहित सिटी कोतवाली बेमेतरा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


