दुर्ग पुलिस लाइन में विधि-विधान से हुई शस्त्र पूजा, अधिकारियों ने किया वाहन पूजन और हवन

दुर्ग। विजयादशमी पर्व के अवसर पर दुर्ग पुलिस लाइन में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार शस्त्र पूजा, वाहन पूजन एवं हवन का आयोजन विधि-विधान के साथ किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर परंपरा का निर्वहन किया।

इस दौरान पुलिस विभाग के शस्त्रों के साथ पुलिस लाइन में मौजूद वाहनों और राजपत्रित अधिकारियों के शासकीय वाहनों का भी पूजन किया गया। पूजा-अर्चना एवं हवन संपन्न होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ब्लैंक कारतूसों से औपचारिक फायरिंग की गई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री मणिशंकर चन्द्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेन्द्र देव पटेल सहित अन्य राजपत्रित अधिकारी एवं विभिन्न थानों के प्रभारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस लाइन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस आयोजन के माध्यम से दुर्ग पुलिस ने अपनी पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए शस्त्रों एवं शासकीय वाहनों की पूजा-अर्चना की।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1322