दुर्ग। जिले में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस ने पाटन और मचांदुर में प्रदर्शन कर विरोध जताया। पाटन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल बाइक रैली में शामिल हुए। वहीं, मचांदुर से रिसामा तक पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर की मौजूदगी में रैली निकाली गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपने के साथ पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
पाटन में रैली की शुरुआत राजीव भवन से हुई, जो एसडीएम कार्यालय तक पहुंची। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने और नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा की मांग की।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा है। उन्होंने अभियान के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
दोनों स्थानों पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अपनी आवाज बुलंद की।


