धमधा, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमधा में किया गया। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में विकासखंड धमधा के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक चित्रकला की प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं विकासखंड के 45 संकुलों से आए विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में सहभागिता की। विद्यार्थियों के प्रदर्शन का निष्पक्ष आकलन करने के लिए शिक्षक एवं संकुल समन्वयकों को निर्णायक के रूप में दायित्व सौंपा गया था।
कार्यक्रम में ,मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत धमधा की अध्यक्ष श्वेता प्रशांत अग्रवाल एवं नगर पंचायत धमधा की पार्षद शशि यादव उपस्थित रहीं। अतिथियों ने चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों के भाषण एवं प्रस्तुतियों की सराहना की।
प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 विद्यार्थियों की चित्रकला का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। वहीं भाषण प्रतियोगिता से 5 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तर पर विकासखंड धमधा का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया।
आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय दुर्ग से संयुक्त संचालक राजेश चंद्रवंशी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी धमधा अथर्व शर्मा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कैलाश साहू एवं बीआरसी केशव पटेल की उपस्थिति में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। चयनित विद्यार्थी आगामी जिला स्तरीय आयोजन में विकासखंड धमधा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के द्वितीय चरण में माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक स्तर की भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन 1 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
कार्यक्रम में विकासखंड धमधा के संकुल समन्वयक एवं शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर वीरेंद्र देवांगन, टीकम वर्मा, टामन वर्मा, देवी धीवर, विवेकानंद ताम्रकार, किशोर तिवारी, इनु राम पटेल, नरेश कुमार बारले, चित्रेन पटेल, कुमारी दुर्गेश नंदिनी साहू, कल्पना सेन, संतोषी निषाद, घनश्याम देवांगन एवं पवन कुमार सिंह सहित अनेक शिक्षक एवं प्रधान पाठक उपस्थित रहे।
पुरस्कार वितरण समारोह का संचालन मनोज कुमार साहू द्वारा किया गया।


