छत्तीसगढ़ में मौसम का कहर! ‘अर्नब’ तूफान से भारी बारिश, 2 ट्रेनें और फ्लाइट रद्द

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। जगदलपुर में इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदी के तटीय क्षेत्रों, निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

25 सितंबर को सभी स्कूलों में अवकाश

लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 25 सितंबर को बस्तर जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले 24 सितंबर को भी जिले के स्कूल बंद रहे थे।

25 सितंबर को प्रस्तावित त्रैमासिक परीक्षा के संबंध में अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। प्रशासन ने अभिभावकों से भी मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

भूस्खलन से दो ट्रेनें रद्द

भारी बारिश के कारण MVG-CTS स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन होने की जानकारी सामने आई है। इसके चलते 25 सितंबर को किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट पर चलने वाली दो प्रमुख ट्रेनों को रद्द किया गया है।

  • 58502/58501 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर
  • 18516/18515 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस

इसके अलावा खराब मौसम के चलते जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी रद्द की गई है। इससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

निचले इलाकों में मुनादी, निगरानी बढ़ाई

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने SDM, तहसीलदारों और होमगार्ड कमांडेंट को फील्ड में रहकर स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इंद्रावती नदी के तटीय और निचले इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों, रपटों और पुल-पुलियों पर बैरिकेडिंग की गई है। यहां कोटवार और निगरानी दलों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

उफनती नदी-नालों को पार न करने की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनती इंद्रावती नदी, नदी-नालों और रपटों को पार करने का प्रयास न करें। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1329