ट्रक की टक्कर से DJ वाहन के उड़े परखच्चे, हादसे में 6 की मौके पर मौत, 5 घायल

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा मरकाटोला घाट में हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े डीजे/धुमाल वाहन को गेहूं से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक डीजे वाहन को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया।

भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि डीजे वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक व्यक्ति के ट्रक के नीचे दबे होने की जानकारी भी सामने आई है। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और यातायात विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत टीमों ने बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

बारिश और भूस्खलन के बीच हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि मरकाटोला घाट में बीती रात से ही लगातार भारी बारिश हो रही थी। बारिश के कारण पहाड़ी से भूस्खलन होने और बड़े-बड़े पत्थर व मलबा सड़क पर आने से यातायात प्रभावित था। सड़क पर एक भारी पत्थर गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही भी धीमी हो गई थी।

इसी दौरान सड़क किनारे खड़े डीजे वाहन को गेहूं से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और डीजे वाहन को दूर तक घसीटता चला गया।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद नेशनल हाईवे-30 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगातार बारिश और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस और ट्रैफिक अमला क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारू कराने में जुटा रहा।

पुलिस के अनुसार, मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रक की गति कितनी थी, इसे लेकर जांच की जा रही है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1322