रायपुर-अमलेश्वर मार्ग बंद: खारुन नदी का जलस्तर बढ़ा, महादेव घाट पुल पर 2 फीट पानी

रायपुर। 26 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। महादेव घाट पुल के ऊपर करीब 2 फीट पानी बहने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से रायपुर-अमलेश्वर मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश के चलते खारुन नदी का जलस्तर बढ़ा है। पुल के ऊपर पानी आने के बाद प्रशासन ने मार्ग पर आवाजाही रोक दी है। इसके बावजूद नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग महादेव घाट पुल के दोनों छोर पर पहुंच रहे हैं।

इस दौरान कुछ लोग जान जोखिम में डालकर सेल्फी और वीडियो बनाते भी नजर आए। नदी का तेज बहाव और पुल के ऊपर बहता पानी हादसे का खतरा बढ़ा रहा है।

लगातार बारिश से बढ़ा नदी का जलस्तर

खारुन नदी शिवनाथ नदी की प्रमुख सहायक नदियों में शामिल है। यह बालोद जिले के गुरुर तहसील क्षेत्र से निकलती है। पिछले तीन दिनों से बालोद सहित प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते खारुन नदी का जलस्तर बढ़ गया है।

बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण महादेव घाट और रायपुर-दुर्ग मार्ग स्थित खारुन पुल के आसपास भी लोगों की भीड़ पहुंच रही है। पानी के तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों को सावधानी बरतने की समझाइश दे रहा है।

मौके पर पुलिस प्रशासन तैनात

महादेव घाट पर पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद है। पुलिसकर्मी लोगों को नदी और पुल के आसपास जाने से रोक रहे हैं और बढ़े हुए जलस्तर के खतरे को देखते हुए समझाइश दे रहे हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी, पुल और आसपास के निचले इलाकों में जाने से बचें तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। लगातार बारिश को देखते हुए नदी-नालों के जलस्तर में और बढ़ोतरी की आशंका है। ऐसे में लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक जोखिम न उठाने की अपील की गई है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1322