गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। चरित्र पर संदेह को लेकर पति पर अपनी पत्नी की बेल्ट से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। घटना शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम जारहीडीही की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आरोपी पति राम कुमार नेताम ने कथित तौर पर पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि पति ने लगातार कई घंटे तक बेल्ट से पत्नी को पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी ने पड़ोसियों को भी कथित तौर पर बताया कि उसने अपनी पत्नी को बेल्ट से पीट-पीटकर मार डाला है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी पति राम कुमार नेताम को हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटना के कारणों, मारपीट की परिस्थितियों और मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


