‘गदर’ और ‘वेलकम’ फेम मुश्ताक खान का निधन, लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे अभिनेता

मुंबई। फिल्म जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान का 24 सितंबर को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।

मुश्ताक खान को फिल्मों में खासतौर पर कॉमेडी और सपोर्टिंग किरदारों के लिए जाना जाता था। उन्होंने ‘वेलकम’, ‘आशिकी’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों में काम किया और अपने अभिनय से दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई।

जानकारी के मुताबिक, अभिनेता करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे। बताया जा रहा है कि उन्हें लगभग पांच साल पहले कैंसर का पता चला था। हाल ही में बीमारी दोबारा उभरने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। उनके बिजनेस पार्टनर शिवम ने उनके निधन की पुष्टि की है। अभिनेता का अंतिम संस्कार 25 सितंबर को किए जाने की जानकारी सामने आई है।

2024 में अपहरण की घटना से भी चर्चा में आए थे

मुश्ताक खान वर्ष 2024 में अपने अपहरण की घटना को लेकर भी सुर्खियों में रहे थे। जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2024 को उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मेरठ बुलाया गया था। इसके बाद उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से कार में बैठाकर बिजनौर ले जाया गया, जहां कथित तौर पर बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपहरणकर्ताओं ने करीब 12 घंटे तक उन्हें बंधक रखा और फिरौती की मांग की थी। हालांकि, मुश्ताक खान किसी तरह उनके चंगुल से बाहर निकलने में सफल रहे। इस घटना के बाद उन्होंने अपने साथ हुई पूरी घटना के बारे में जानकारी साझा की थी।

पर्दे पर अपने हास्य अभिनय से दर्शकों को गुदगुदाने वाले मुश्ताक खान के निधन से उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत में शोक का माहौल है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1322