नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बैठक हुई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस दौरान आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, राज्यसभा चुनाव और विधान परिषद चुनाव से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि बैठक को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अक्टूबर में राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले अक्टूबर में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक इन सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। आयोग की ओर से 29 सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर निर्धारित है।
उम्मीदवारों के नाम वापस लेने की प्रक्रिया 9 अक्टूबर तक पूरी होगी। इसके बाद 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन मतगणना भी की जाएगी।
उत्तर प्रदेश की जिन 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, उनमें फिलहाल 8 सीटें भाजपा, एक सीट सपा और एक सीट बसपा के पास हैं। भाजपा के अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल, बीएल वर्मा, सीमा द्विवेदी और हरदीप सिंह पुरी का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। वहीं डॉ. दिनेश शर्मा अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल नियुक्त होने के बाद राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं। अभी किसी भी दल ने सभी उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं।
28 MLC सीटों पर भी चुनाव का ऐलान
चुनाव आयोग ने चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए भी चुनाव कार्यक्रम जारी किया है। इनमें उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की 8, महाराष्ट्र की 5 और कर्नाटक की 4 सीटें शामिल हैं।
सभी सीटों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
उत्तर प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों में फिलहाल भाजपा के पास 8 और समाजवादी पार्टी के पास 3 सीटें हैं। भाजपा की ओर से पांच सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाने की जानकारी है।
केशव मौर्य ने अमित शाह से की थी मुलाकात
इससे एक दिन पहले शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस बैठक में प्रदेश की चुनावी तैयारियों और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई थी।
बैठक के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों का जिक्र करते हुए पार्टी की संभावित जीत का दावा किया था।


