दुर्ग। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम अरसनारा के पास महिला पर बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल से भरा डिब्बा भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश दास (30 वर्ष), निवासी ग्राम कारंजा भिलाई के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को कारंजा भिलाई निवासी पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया आई थी। इसी दौरान आरोपी महेश दास पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने से नाराज होकर मोटरसाइकिल से ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा। आरोप है कि उसने अपने साथ लाए टिन के डिब्बे में रखे बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल को महिला के ऊपर छिड़क दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत धारा 124(1) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से घटना की जानकारी ली।
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम ने रातभर घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही संभावित ठिकानों पर पूछताछ और पतासाजी की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कारंजा भिलाई में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी महेश दास को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी दी और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल पुलिस को उपलब्ध कराई। पुलिस ने मोटरसाइकिल के साथ केमिकल युक्त डिब्बा भी जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्यक्तिगत विवाद या आपसी मतभेद की स्थिति में कानून हाथ में न लें। किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

