PM मोदी पर आपत्तिजनक पोस्ट से बवाल, भाजपा ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, साजा थाने में शिकायत दर्ज

बेमेतरा (छत्तीसगढ़) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र में तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

जानकारी के अनुसार, मोहतरा निवासी सुनीत साहू पर आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करते हुए पोस्ट साझा की। पोस्ट की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और साजा विधानसभा क्षेत्र के साजा, परपोड़ी और थानखम्हरिया मंडल के कार्यकर्ताओं ने पोस्ट का प्रिंट आउट लेकर साजा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

इस दौरान भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं किसान मोर्चा नेता मूलचंद शर्मा, किसान मोर्चा के ज्वाला सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो पार्टी कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

वहीं, साजा थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट की सत्यता, उसके तथ्यों और पूरे मामले से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। अब पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759