नई दिल्ली। पटना विश्वविद्यालय की एलएलबी प्रवेश परीक्षा शनिवार को उस समय विवादों में घिर गई, जब पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि एक छात्र मोबाइल फोन लेकर परीक्षा कक्ष में पहुंचा और परीक्षा के दौरान ही प्रश्नपत्र की तस्वीर खींचकर उसे WhatsApp पर वायरल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, जिस समय प्रश्नपत्र वायरल हुआ, उस दौरान परीक्षा केंद्र पर लगा जैमर बंद था। मामले की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन ने तुरंत जैमर चालू कराया और स्थिति को संभाला। हालांकि, आरोपी छात्र परीक्षा केंद्र से फरार हो गया। उसके मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस की तैनाती और अभ्यर्थियों की जांच के बावजूद छात्र मोबाइल फोन अंदर ले जाने में सफल रहा।
पटना कॉलेज के अलावा बीएन कॉलेज और मगध महिला कॉलेज में भी एलएलबी प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, अन्य दोनों केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सुबह 10:30 बजे शुरू हुई परीक्षा के दौरान दोपहर करीब 12:02 बजे प्रश्नपत्र वायरल होने की जानकारी मिली। परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीके लाल ने कहा कि जैमर बंद होने के कारण यह स्थिति बनी, लेकिन समय रहते उसे चालू कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि वायरल हुए प्रश्नपत्र के उत्तर परीक्षा कक्ष तक नहीं पहुंचे थे, इसलिए किसी भी अभ्यर्थी को इसका अनुचित लाभ नहीं मिला। इसी वजह से परीक्षा रद्द नहीं की जाएगी और इसे निष्पक्ष तरीके से पूरा कराया गया है।
फिलहाल आरोपी छात्र की पहचान के लिए परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोषी पाए जाने पर छात्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

