ऑटो डेस्क। BMW भारतीय बाजार में अपनी नई BMW X1 LWB को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी इसे 21 अगस्त को भारतीय बाजार में पेश करेगी। लॉन्च से पहले ही कंपनी ने इस प्रीमियम SUV की बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक देशभर के अधिकृत BMW डीलरशिप के जरिए इसकी बुकिंग कर सकते हैं। BMW X1 LWB का उत्पादन चेन्नई स्थित कंपनी के प्लांट में किया जाएगा।
स्टैंडर्ड X1 से ज्यादा लंबी होगी X1 LWB
BMW X1 LWB को स्टैंडर्ड X1 के मुकाबले ज्यादा लंबा बनाया गया है। इसमें 116mm ज्यादा लंबाई और 110mm लंबा व्हीलबेस मिलेगा। SUV की लंबाई 4,616mm, चौड़ाई 1,845mm, ऊंचाई 1,641mm और व्हीलबेस 2,082mm है।
डिजाइन की बात करें तो X1 LWB का लुक काफी हद तक स्टैंडर्ड X1 जैसा ही है। इसमें बड़ी BMW किडनी ग्रिल, स्लीक LED हेडलाइट्स और LED टेललाइट्स दी गई हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में SUV 19-इंच अलॉय व्हील के साथ आती है, जबकि भारत में इसे 18-इंच अलॉय व्हील के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है।
पीछे बैठने वालों को मिलेगा ज्यादा स्पेस
लंबे व्हीलबेस का सबसे बड़ा फायदा SUV के केबिन में देखने को मिलेगा। BMW X1 LWB में पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए ज्यादा लेगरूम और बेहतर कंफर्ट मिलेगा। इसकी सीटों को 27mm ऊंची पोजीशन पर रखा गया है, जबकि हेडरेस्ट कुशन की चौड़ाई 37mm तक बढ़ाई गई है।
बूट स्पेस की बात करें तो स्टैंडर्ड BMW X1 में 476 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जबकि X1 LWB में 540 लीटर का बड़ा बूट स्पेस दिया जाएगा।
डुअल स्क्रीन और ऑटोमैटिक पार्किंग जैसे फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो BMW X1 LWB में 10.25-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 10.7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा SUV में इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीटें, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग पैड, पावर्ड टेलगेट और डिजिटल की जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं।
SUV में ऑटोमैटिक पार्किंग असिस्टेंस भी मिलने की उम्मीद है, जो तंग जगहों पर पार्किंग को आसान बनाएगा।
इंजन और पावरट्रेन
BMW ने अभी भारतीय X1 LWB के इंजन और पावरट्रेन की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। चीन में बिकने वाले मॉडल में 2.0-लीटर, चार-सिलिंडर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है। यह इंजन 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से जुड़ा है और 204hp की पावर तथा 300Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
उम्मीद है कि भारत में BMW X1 LWB को फ्रंट-व्हील ड्राइव के साथ-साथ ऑल-व्हील ड्राइव विकल्प में भी पेश किया जा सकता है। कंपनी की ओर से लॉन्च के समय इसकी कीमत और भारतीय स्पेसिफिकेशन्स का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

