हैदराबाद। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इन दिनों निर्देशक एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। शूटिंग के व्यस्त कार्यक्रम के बीच उन्होंने पति निक जोनस और सह-कलाकार महेश बाबू के साथ समय बिताते हुए एक खास मूवी नाइट का आनंद लिया। इस दौरान की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
वायरल तस्वीर में प्रियंका चोपड़ा, निक जोनस और महेश बाबू सिनेमाघर के बाहर कैमरे के लिए पोज देते नजर आ रहे हैं। प्रियंका आइवरी रंग की स्लीवलेस ड्रेस, ओवरसाइज्ड सनग्लासेस और खुले बालों में स्टाइलिश लुक में दिखाई दीं। वहीं निक जोनस सफेद वेस्ट और टेक्सचर शर्ट में नजर आए, जबकि महेश बाबू कैजुअल लुक में दिखे।
सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर के साथ लिखा गया कि यह सितारों से सजी एक यादगार मूवी नाइट रही, जिसमें महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की मौजूदगी ने शाम को खास बना दिया।
हाल ही में जोनस ब्रदर्स के पॉडकास्ट में प्रियंका चोपड़ा ने बताया था कि वह पिछले करीब 14 महीनों से इस फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि निर्देशक एसएस राजामौली ने खुद उन्हें फोन कर इस फिल्म का प्रस्ताव दिया था।
फिल्म ‘वाराणसी’ में प्रियंका चोपड़ा, महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 1200 से 1400 करोड़ रुपये के बजट में बन रही यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल मानी जा रही है।

