फैन की दीवानगी देख हैरान हुईं काजल अग्रवाल, सालों बाद सुनाया चौंकाने वाला किस्सा

मुंबई साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री काजल अग्रवाल इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उन्होंने एक इंटरव्यू में अपने करियर से जुड़ा ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। अभिनेत्री ने बताया कि एक बार शूटिंग के दौरान एक फैन की हरकत ने उन्हें असहज कर दिया था।

काजल ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के पहले दिन का काम खत्म होने के बाद एक अनजान व्यक्ति बिना अनुमति उनकी वैनिटी वैन में घुस आया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, उस व्यक्ति ने अपनी शर्ट उतारकर सीने पर बना काजल के नाम का टैटू दिखाना शुरू कर दिया।

अभिनेत्री ने कहा कि फैन का प्यार देखकर उन्हें अच्छा लगा, लेकिन किसी की निजी जगह में बिना इजाजत प्रवेश करना बिल्कुल भी सही नहीं है। उन्होंने उस व्यक्ति को शांत तरीके से समझाया और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की चेतावनी दी।

वर्कफ्रंट की बात करें तो काजल अग्रवाल की फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म का निर्देशन चेतन डीके ने किया है। इसमें काजल के साथ श्रेयस तलपड़े, अश्विनी भांडे, हार्दिका जोशी, मुरली शर्मा, मनीष वाधवा, अतुल तिवारी और कमलेश सावंत अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

फिल्म की कहानी खाने-पीने की चीजों में मिलावट, प्रदूषण और खेती में रसायनों के बढ़ते इस्तेमाल जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर आधारित है। फिल्म में काजल अग्रवाल एक वकील की भूमिका निभा रही हैं।

आने वाले समय में काजल अग्रवाल निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ में माता मंदोदरी के किरदार में भी नजर आएंगी, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 422