आगेसरा के वृंदा देवी डिंडा कपाट धाम में महाअष्टमी पर हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन

आगेसरा/बेल्हारी। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के दक्षिण क्षेत्र में खारुन नदी के पावन तट पर विराजमान पुरातात्विक सिद्धिदात्री मां वृंदा देवी डिंडा कपाट धाम, आगेसरा में शारदीय नवरात्रि महापर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महाअष्टमी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता का आशीर्वाद लिया और प्रसादी ग्रहण की।

महाअष्टमी के अवसर पर क्षेत्र की जिला पंचायत सभापति श्रीमती कल्पना नारद साहू मंदिर पहुंचीं और मां वृंदा देवी की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मंदिर में नवरात्रि के दौरान प्रज्वलित मनोकामना ज्योति कलश श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का केंद्र बने रहे।

स्टील की थाली में प्रसादी, स्वच्छता का दिया संदेश

महाअष्टमी पर आयोजित विशाल भंडारे में मंदिर समिति द्वारा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए श्रद्धालुओं को स्टील की थाली और गिलास में भोजन कराया गया। इस पहल के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री के उपयोग से बचने का संदेश दिया गया। आयोजन में शामिल हजारों श्रद्धालुओं के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

ग्राम पंचायत आगेसरा के सरपंच रमाकांत साहू की सोच के अनुरूप गांव को डिस्पोजल प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में यह पहल सराहनीय मानी जा रही है। धार्मिक आयोजन के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जोड़कर समिति एवं ग्राम पंचायत ने समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।

श्रद्धा के साथ सामाजिक जागरूकता की पहल

मां वृंदा देवी प्रचार समिति एवं ग्राम पंचायत आगेसरा की ओर से महाअष्टमी, हवन-पूजन और भंडारे के आयोजन में श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील की गई थी। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। आयोजकों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करें, डिस्पोजल सामग्री से बचें और स्वच्छ गांव एवं स्वच्छ पर्यावरण बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1322