राजनांदगांव। क्वार नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने अहम व्यवस्था की है। यात्रियों की संभावित बढ़ती भीड़ को देखते हुए डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर 10 ट्रेनों को दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।
रेलवे के अनुसार यह विशेष व्यवस्था 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक लागू रहेगी। इस दौरान इन ट्रेनों के डोंगरगढ़ स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव से नवरात्रि मेले में शामिल होने पहुंच रहे यात्रियों को रेल यात्रा में सुविधा मिलेगी।
11 से 20 अक्टूबर तक लागू रहेगी व्यवस्था
नवरात्रि मेले के दौरान डोंगरगढ़ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए यह अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। इससे श्रद्धालु डोंगरगढ़ स्टेशन पर उतरकर आसानी से मां बम्लेश्वरी मंदिर पहुंच सकेंगे।
हालांकि, मैहर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे की ओर से फिलहाल किसी विशेष ट्रेन की घोषणा नहीं की गई है।
रेलवे की यह व्यवस्था नवरात्रि मेले के दौरान संभावित भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।


