रानीतराई। स्व. दाऊ रामचंद्र साहू शासकीय महाविद्यालय, रानीतराई में दिनांक 07-10-2026 को सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत ‘नमो सेवा – अनकही कहानियाँ’ कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य चंदन गोस्वामी के मार्गदर्शन में किया गया। यह आयोजन कार्यक्रम प्रभारी भारती गायकवाड़ के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में निःस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले ऐसे समाजसेवियों एवं व्यक्तियों की प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाना था, जिनके योगदान के बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी होती है। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने आसपास के क्षेत्र में सेवा, सामाजिक सरोकार और जनहित के कार्य करने वाले प्रेरणादायक व्यक्तियों की पहचान करने तथा उनके जीवन एवं योगदान को समझने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपने आसपास के ऐसे व्यक्तियों का चयन किया, जिन्होंने समाजसेवा, राष्ट्रहित, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है।
इस अवसर पर बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्रा मुस्कान साहू ने ‘मेरी कलम की जुबानी—एक अनकहे पत्रकार की कहानी’ शीर्षक के माध्यम से पत्रकार करन साहू के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। वहीं दिव्यानी ने ‘शिक्षा एवं समाज के प्रेरणा स्रोत’ शीर्षक के अंतर्गत स्व. दाऊ रामचंद्र साहू के कृतित्व, व्यक्तित्व एवं जीवन-संघर्षों की जानकारी प्रस्तुत की।
बी.कॉम. पंचम सेमेस्टर की छात्रा नेहा निषाद ने पूर्व सरपंच कन्हैया लाल साहू के ग्राम के प्रति 25 वर्षों के समर्पण एवं सामाजिक योगदान के बारे में बताया। इसी क्रम में खुशबू ने कोरोना महामारी के कठिन दौर में सियाराम निषाद द्वारा बच्चों को अपने घर पर शिक्षा प्रदान करने और उनके शैक्षणिक सहयोग के बारे में जानकारी साझा की। बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा होमेश्वरी साहू ने ठाकुर राम के व्यक्तित्व एवं वृक्षारोपण के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके सामाजिक कार्यों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. शगुफ्ता सिद्दकी, अंबिका ठाकुर बर्मन, आराधना देवांगन, रेणुका वर्मा, टीकेश्वर पाटिल, शिखा मड़रिया, वेणु साहू, डॉ. देबीलाल गौतम, खिलेन्द्र कुमार साहू, कार्यालयीन स्टाफ से नरेश मेश्राम, महेश्वरी निषाद, सीमा वर्मा, प्रयोगशाला परिचारक आशा ठाकुर, रविकिशोर कंवर, बुक लिफ्टर शेष कुमार सहित महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


