अमलेश्वर। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के वार्ड क्रमांक 02 में अटल परिसर के सामने हृदय स्थल में स्थित स्थित सार्वजनिक तालाब इन दिनों बदहाली का शिकार है। पूरा तालाब जलकुंभी से पट गया है, लेकिन जिम्मेदारों का ध्यान अब तक इस ओर नहीं गया है। तालाब की साफ-सफाई नहीं होने से नगरवासियों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि उक्त तालाब का उपयोग नगर में होने वाले सुख-दुख के विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान किया जाता है। वहीं आनंद चतुर्दशी के बाद गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला भी शुरू होने वाला है। इसके अलावा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन भी इसी तालाब में किया जाता है। ऐसे में त्योहारों से पहले तालाब की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्था किया जाना जरूरी है, लेकिन अभी तक पालिका प्रशासन की ओर से कोई ठोस तैयारी नजर नहीं आ रही है।
तालाब में मछली पालन भी किया जाता है। ऐसे में पूरे तालाब में जलकुंभी फैल जाने से मछली पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। जलकुंभी के कारण तालाब की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और निस्तारी सहित अन्य उपयोगों में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड पार्षद घनश्याम साहू ने बताया कि सुशासन तिहार के समय से ही पालिका प्रशासन को तालाब की साफ-सफाई एवं निस्तारी व्यवस्था को लेकर लिखित आवेदन दिया जा चुका है। उन्होंने स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए तालाब की सफाई कराने की मांग की थी, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। वार्ड क्रमांक 02 के हृदय स्थल में स्थित तालाब की सफाई नहीं होना दुर्भाग्यजनक है।
नगरवासियों ने पालिका प्रशासन से मांग की है कि गणेश एवं दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन सहित आम नागरिकों की आवश्यकताओं को देखते हुए तालाब की तत्काल साफ-सफाई कराई जाए तथा जलकुंभी को हटाकर तालाब को उपयोग के योग्य बनाया जाए।


