10 दिन से भूखे बैठे किसान, फिर भी नहीं सुनी गुहार :उद्योगपतियों के करोड़ों के कर्ज माफ पर उठे सवाल

धमधा। ऋण माफी सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान बंधु संगठन के नेतृत्व में चल रही किसानों की क्रमिक भूख हड़ताल बुधवार को 10वें दिन भी जारी रही। किसान आंदोलन स्थल पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया।

आंदोलन के 10वें दिन किसानों ने अपनी मांगों को लेकर SDM को ज्ञापन सौंपा

बाबा टेक सिंह चंदेल ने सरकार पर उठाए सवाल

आंदोलन के दौरान किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस देश में किसान अन्न उगाकर करोड़ों लोगों का पेट भरता है, उसी किसान को अपनी जायज मांग और कर्जमाफी के लिए सड़क पर भूखे बैठना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ किसान कर्ज के बोझ और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने के लिए मजबूर हैं, वहीं दूसरी तरफ उद्योगपतियों के करोड़ों रुपये के कर्ज माफ किए जाने और सेटलमेंट किए जाने की बातें सामने आती हैं।

बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा कि “अन्नदाता को अपनी जायज मांग के लिए सड़क पर भूखे बैठना पड़ रहा है। किसानों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए और वर्ष 2018 की ऋण माफी से जुड़े मामलों की पूरी पारदर्शिता के साथ जांच होनी चाहिए।”

किसानों के नाम सहित प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

किसानों ने SDM को सौंपे ज्ञापन में उन किसानों के नामों का उल्लेख किया है, जिनका मामला ऋण माफी से जुड़ा हुआ है। किसानों की मांग है कि बैंक रिकॉर्ड और शासन के पुराने रिकॉर्ड की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि वर्ष 2018 में कितने किसान ऋण माफी के पात्र थे और कितने किसानों को इसका लाभ मिला।

किसान बंधु संगठन का कहना है कि पात्र किसानों को ऋण माफी का लाभ नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित मामलों की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

24 सितंबर को CM हाउस घेराव रहेगा कायम

किसान बंधु संगठन ने स्पष्ट किया है कि 24 सितंबर को मुख्यमंत्री निवास (CM हाउस) घेराव का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित अनुसार रहेगा। संगठन का कहना है कि किसान अपनी मांगों को सरकार के सामने मजबूती से रखेंगे और ऋण माफी से जुड़े मामलों के निराकरण की मांग करेंगे।

फिलहाल किसानों की क्रमिक भूख हड़ताल 10वें दिन भी जारी है। किसान नेताओं ने कहा है कि जब तक उनकी मांगों का उचित निराकरण नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलन में किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल, किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक अध्यक्ष आत्मा साहू, डॉ. जोहन वर्मा, पूर्व जनपद सदस्य , मोती राम वर्मा पूर्व सरपंच,पंचराम साहू, दुवासू साहू, मनसुख साहू, बिसंभर साहू, भानु साहू, सुभाष साहू, गोलू साहू, हेमराज साहू,तेजराम साहू, नेतु साहू, कमलेश जंघेल, गौकरण दास मानिकपुरी, भारतगिरि गोस्वामी, डॉ. हर्ष साहू, ओम पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1326