नवा रायपुर में राज्य निर्वाचन आयुक्तों के 32वें अखिल भारतीय सम्मेलन का राज्यपाल रामेन डेका ने किया शुभारंभ

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में 16-17 सितंबर को 32वें राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की मेजबानी में आयोजित इस सम्मेलन का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका ने किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह, स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव, संयोजक सुधांशु पांडे और प्रदेश के मुख्य सचिव विकासशील उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने ‘छत्तीसगढ़ स्थानीय निकाय निर्वाचन वार्षिकी 2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। सम्मेलन में देशभर से पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्तों और विषय विशेषज्ञों ने स्थानीय लोकतंत्र, त्रिस्तरीय पंचायतों और नगरीय निकायों को अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी और सहभागी बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की ओर से ‘राज्य गठन उपरांत नक्सल प्रभावित बस्तर में पिछले 25 वर्षों में स्थानीय लोकतंत्र की प्रगति’ विषय पर प्रस्तुति दी गई। इसमें बस्तर की भौगोलिक दुर्गमता, वन क्षेत्र, सीमित संचार सुविधाओं और लंबे समय तक वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित परिस्थितियों के बीच स्थानीय चुनाव कराने की चुनौतियों और उपलब्धियों को रेखांकित किया गया।

बताया गया कि प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बल, निर्वाचन कर्मियों और स्थानीय समुदाय के समन्वित प्रयासों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत किया गया। वर्ष 2025 में नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव राज्यभर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए और पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।

सम्मेलन में मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान और केरल की ओर से चुनावों में तकनीक और डिजिटल प्रणाली के उपयोग पर प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं अमेरिका के प्रिंसटन यूनिवर्सिटी के विषय विशेषज्ञ तथा इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के विशेषज्ञों ने भी निर्वाचन प्रक्रिया और ईवीएम से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1326