घूमाने के बहाने प्रेमिका को सुनसान जगह में ले गया प्रेमी, पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया

रायपुर।राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला को उसके कथित प्रेमी ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाकर इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन करीब 60 प्रतिशत झुलसी राजकुमारी साहू ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घूमने के दौरान पेट्रोल डालकर लगाई आग

पुलिस के अनुसार, रविवार रात वीरू धीवर और राजकुमारी साहू एक साथ थे। इसी दौरान आरोपी ने महिला पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला मदद के लिए चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाकर गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

60 प्रतिशत झुलसी महिला ने तोड़ा दम

आग की घटना में राजकुमारी साहू करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई थी। उसकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा था, लेकिन सोमवार को उसकी मौत हो गई। रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने महिला की मौत की पुष्टि की है। मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

पति से अलग रह रही थी राजकुमारी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजकुमारी साहू शादीशुदा थी और कुछ समय से अपने पति से अलग रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, उसका वीरू धीवर के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच वर्ष 2021 से पहले से संबंध बताए जा रहे हैं। पुलिस अब वारदात के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

2021 में सास पर हमले का मामला दर्ज

एएसपी अभिषेक झा के मुताबिक, वीरू धीवर के खिलाफ वर्ष 2021 में आरंग थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। आरोप था कि उसने राजकुमारी साहू की सास पर फावड़े से हमला किया था। इस मामले में उसके खिलाफ धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद दंपती अलग-अलग रहने लगे थे।

पुराने विवाद के बावजूद संपर्क में थे दोनों

पुलिस के अनुसार, पुराने विवाद के बावजूद वीरू धीवर और राजकुमारी साहू के बीच संपर्क बना हुआ था। घटना वाले दिन भी दोनों साथ थे। इसके बाद महिला को आग के हवाले कर आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के समय वहां कौन-कौन मौजूद था और आग लगाने के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुआ। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1322