- 54 किसानों के प्रकरण के निराकरण की मांग, परसबोड़ ट्रांसफार्मर हटाने का मुद्दा भी उठाया
धमधा। IDBI बैंक से जुड़े ऋण माफी के लंबित प्रकरण के निराकरण की मांग को लेकर किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक के नेतृत्व में किसानों ने कल से भूख हड़ताल शुरू कर दी है। संगठन के अनुसार ग्राम पेंड्री, परसबोड़, कूटहा, खपरी, खैरझिटी एवं हिरेतरा के 54 किसानों का ऋण माफी प्रकरण लंबे समय से लंबित है।
किसानों का कहना है कि मामले को लेकर पूर्व में दुर्ग कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था। प्रशासन द्वारा प्रभावित किसानों की सूची भी मंगाई गई तथा अधिकारियों के स्तर पर बैठकें हुईं, लेकिन अब तक प्रकरण का अंतिम निराकरण नहीं हो सका है। किसानों ने पात्र हितग्राहियों को ऋण माफी का लाभ देने और मामले की जांच कर शीघ्र समाधान की मांग की है।
ट्रांसफार्मर हटाने की भी मांग
आंदोलन के दौरान ग्राम परसबोड़ में आबादी और मुख्य मार्ग के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों के अनुसार विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर स्थानांतरण के लिए 76,444.62 रुपए की डिमांड जारी की है। ग्रामीणों ने जनसुरक्षा को देखते हुए ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने तथा आर्थिक भार ग्रामीणों पर नहीं डालने की मांग की है।
किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर प्रशासन से कई बार चर्चा की जा चुकी है। समाधान नहीं होने के कारण आज से भूख हड़ताल शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन में किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक अध्यक्ष आत्मा साहू, पूर्व जनपद सदस्य डॉ. जोहान वर्मा, पूर्व सरपंच मोती राम वर्मा सहित संगठन के पदाधिकारी, किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

