दुर्ग। शिवनाथ नदी के सिरसा एनीकट में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां पिकनिक मनाने पहुंचे 26 वर्षीय युवक सत्यदेव महोबिया तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गया। घटना के बाद से युवक की तलाश जारी है, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक, खुर्सीपार निवासी पांच युवक पिकनिक मनाने सिरसा एनीकट पहुंचे थे। शाम करीब 6 बजे सभी युवक नदी किनारे मौजूद थे। इसी दौरान बर्तन धोते समय सत्यदेव महोबिया अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही जेवरा सिरसा चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह एक बार फिर एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने नदी में सर्चिंग अभियान शुरू किया। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को तलाश में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल युवक की तलाश लगातार जारी है।

