केतन हत्याकांड में बड़ा खुलासा, सिया-चेतन के करीबी दोस्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी चेतन चौधरी के करीबी दोस्त रितेश हांगे को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी को वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 12 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, रितेश हांगे हत्या की साजिश के दौरान चेतन और सिया के संपर्क में था। जांच में यह भी सामने आया है कि उसे कथित तौर पर हत्याकांड की साजिश की पहले से जानकारी थी। अब पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना में उसकी वास्तविक भूमिका क्या थी और वह मुख्य आरोपियों के संपर्क में किस तरह रहा।

चेतन के मोबाइल से मिला रितेश का सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी चेतन चौधरी के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच और कॉल डिटेल्स खंगाली। इसी जांच के आधार पर पुलिस को रितेश हांगे के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, रितेश मूल रूप से बीड जिले का रहने वाला है और वर्तमान में एक निजी प्रतिष्ठान में काम करता है। पुलिस अब उसकी गतिविधियों, मुख्य आरोपियों से संपर्क और कथित साजिश में भूमिका की जांच कर रही है।

लोहागढ़ किले में हुई थी केतन की मौत

यह मामला 18 जून का है, जब केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया के साथ पुणे के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले घूमने गया था। इसी दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में खाई में गिरने से केतन की मौत हो गई थी।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दावा किया कि केतन की मौत महज हादसा नहीं थी, बल्कि सिया और उसके प्रेमी चेतन ने कथित तौर पर मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी।

सिया और चेतन एक-दूसरे पर लगा रहे आरोप

मामले में पुलिस ने पहले केतन की मंगेतर सिया को गिरफ्तार किया और इसके बाद उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों एक-दूसरे पर हत्या की साजिश का मुख्य सूत्रधार होने का आरोप लगा रहे हैं।

चेतन ने पुलिस के सामने कथित तौर पर दावा किया है कि वह सिया के साथ भागना चाहता था, लेकिन सिया ने इनकार कर दिया और उसी ने केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

तीसरे आरोपी से खुल सकते हैं कई राज

रितेश हांगे की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब हत्याकांड की साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस कस्टडी के दौरान उससे मुख्य आरोपियों के साथ उसके संपर्क, हत्या की योजना की जानकारी और घटना से पहले तथा बाद की गतिविधियों को लेकर पूछताछ की जाएगी।

पुलिस का मानना है कि रितेश से पूछताछ के बाद मामले में साजिश से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 897