बोलेरो पर लिख रखा था ‘पुलिस’, अंदर लदी थी शराब; नाकेबंदी में दो तस्कर गिरफ्तार

खैरागढ़। शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गातापार पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की 25 पेटियां बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए बोलेरो पर ही ‘पुलिस’ लिखवा रखा था।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में दो व्यक्ति शराब लेकर गातापार की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकेबंदी कर संदिग्ध बोलेरो को रोका और उसकी तलाशी ली। वाहन के अंदर गोवा व्हिस्की की 25 पेटियां मिलीं।

पुलिस ने कुल 225 बल्क लीटर शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 5 लाख रुपये कीमत की बोलेरो, तीन मोबाइल फोन कीमत करीब 12 हजार रुपये सहित कुल 6.62 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान अंकित कुमार नामदेव (35 वर्ष) और सुभम सरकार (30 वर्ष), दोनों निवासी कोंडागांव के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं था।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए बोलेरो पर ‘पुलिस’ लिखवाया था। बरामद शराब को कोंडागांव क्षेत्र में खपाने की तैयारी थी।

गातापार पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 775