खबर का असर : खैरझिटी के जर्जर स्कूल भवन को डिस्मेंटल करने कलेक्टर का आदेश

धमधा। खैरझिटी के जर्जर प्राथमिक शाला भवन को लेकर ग्रामीणों, पालकों और किसान बंधु संगठन द्वारा लंबे समय से चलाए जा रहे संघर्ष का असर आखिरकार दिखाई दिया है। कलेक्टर दुर्ग श्री अभिजीत सिंह द्वारा जारी आदेश में शासकीय प्राथमिक शाला खैरझिटी के जर्जर भवन को निष्प्रयोज्य घोषित करते हुए उसके डिस्मेंटल (ध्वस्तीकरण) की अनुमति प्रदान कर दी गई है।

गौरतलब है कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई ग्राम पंचायत भवन सहित अन्य अस्थायी व्यवस्थाओं में संचालित की जा रही थी। ग्रामीण लगातार नए स्कूल भवन और शिक्षकों की व्यवस्था की मांग कर रहे थे। इस मुद्दे को लेकर किसान बंधु संगठन के नेतृत्व में कई ज्ञापन, प्रदर्शन और आंदोलन किए गए। किसानों एवं ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का घेराव भी किया था।

जब जिला प्रशासन द्वारा जर्जर स्कूल भवनों की सूची जारी की गई थी, तब उसमें खैरझिटी स्कूल का नाम शामिल नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी थी। इसके विरोध में किसान बंधु संगठन ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी थी।

लगातार जनदबाव और आंदोलन की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खैरझिटी स्कूल भवन को डिस्मेंटल करने का आदेश जारी कर दिया। आदेश जारी होने के बाद किसानों, ग्रामीणों, पालकों और बच्चों में खुशी का माहौल है।

किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा कि यह संघर्ष की पहली जीत है। उन्होंने कलेक्टर अभिजीत सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “जर्जर भवन को डिस्मेंटल करने का आदेश स्वागत योग्य है, लेकिन हमारी सबसे बड़ी मांग अभी भी अधूरी है। खैरझिटी के बच्चों के लिए नए स्कूल भवन की स्वीकृति और पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था होना जरूरी है। जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”

15 अगस्त को होगा सांकेतिक आंदोलन

किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक की बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि नए भवन और शिक्षकों की व्यवस्था पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमधा के गंडई चौक से विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तक बच्चों, पालकों और ग्रामीणों की रैली निकाली जाएगी तथा बीईओ कार्यालय परिसर में झंडारोहण कर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया जाएगा।

इसके अलावा 17 अगस्त से पंचायत भवन में संचालित स्कूल को प्रतीकात्मक रूप से पेड़ की छांव में लगाकर बच्चों द्वारा सांकेतिक प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि शासन-प्रशासन का ध्यान बच्चों की मूलभूत शिक्षा व्यवस्था की ओर आकर्षित किया जा सके।

बैठक में रहे उपस्थित

बैठक में किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल, आत्मा साहू (अध्यक्ष किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक), श्रीमती डालेश्वरी वर्मा (सरपंच खैरझिटी), मोतीराम वर्मा (पूर्व सरपंच), केवल वर्मा, अनिल वर्मा, संतोष साहू, नीलकंठ साहू, नकुल उमरे, रंजीत वर्मा, चिंता वर्मा, तुलसी वर्मा, पिलाराम साहू, घसिया साहू, कन्हैया वर्मा, राकेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, पालक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 775