शराब के नशे में पत्नी से विवाद, मजदूरी पर जाने से नाराज पति ने घर में लगाई आग; धमधा पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुर्ग/धमधा। पत्नी के मजदूरी करने जाने से नाराज एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही घर में आग लगा दी। आग लगने से मकान के साथ-साथ घर में रखा राशन, कपड़े, पलंग, सीलिंग फैन, टीवी समेत अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। मामले में धमधा पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम परसकोल निवासी तरूणा मधुकर (40 वर्ष) ने 7 अगस्त 2026 को थाना धमधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने बताया कि वह रोजी-मजदूरी का काम करती है। उसका विवाह करीब 20 वर्ष पहले चेतन मधुकर से हुआ था। विवाह के कुछ वर्षों बाद से ही पति शराब का सेवन कर उसके साथ विवाद करता था। परेशान होकर वह करीब 8 वर्ष पहले अपनी तीन बेटियों के साथ मायके ग्राम परसकोल आकर अलग रहने लगी थी। बाद में उसका पति भी वहां आकर रहने लगा, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।

मजदूरी करने गई थी महिला, लौटकर देखा तो घर जल चुका था

7 अगस्त को तरूणा सुबह करीब 8 बजे मजदूरी करने कंदई बाड़ी गई थी। वह अपनी दोनों बेटियों को अपने माता-पिता के घर छोड़कर गई थी। जब वह वापस लौटी तो उसने देखा कि उसका घर पूरी तरह जल चुका था।

पति से पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर बताया कि पत्नी के मजदूरी करने जाने से नाराज होकर उसी ने घर में आग लगाई थी। प्रार्थिया की दोनों बेटियों ने भी पुलिस को बताया कि उनके पिता चेतन मधुकर ने ही घर में आग लगाई थी। आसपास के लोगों से पूछताछ में भी पुलिस को घटना के संबंध में जानकारी मिली।

आग से घर में रखा राशन, कपड़े, पलंग, सीलिंग फैन, टीवी समेत छत में रखा पैरा, लकड़ी और झिल्ली जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना धमधा में अपराध क्रमांक 220/2026 दर्ज कर धारा 326(g) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी चेतन मधुकर (45 वर्ष), निवासी ग्राम खजरी, थाना नंदिनी नगर, हाल ग्राम परसकोल, थाना धमधा, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को देने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

दुर्ग पुलिस की अपील: पुलिस ने लोगों से घरेलू विवाद की स्थिति में हिंसा या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से बचने और विवाद बढ़ने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने की अपील की है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 773