ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पुरुष जैवलिन थ्रो स्पर्धा के फाइनल में भारत के तीन एथलीट अपनी चुनौती पेश करेंगे। गुरुवार को खेले गए क्वालीफाइंग राउंड में ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यशवीर सिंह ने शीर्ष-10 में जगह बनाकर 31 जुलाई को होने वाले फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया।
तेज हवाओं और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। नीरज चोपड़ा ने 79.61 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं, रोहित यादव ने 78.37 मीटर के साथ नौवां और यशवीर सिंह ने 78.36 मीटर के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया।
क्वालिफिकेशन राउंड में तीनों भारतीय खिलाड़ियों ने दूरी बढ़ाने के बजाय सुरक्षित तरीके से फाइनल में पहुंचने को प्राथमिकता दी। नीरज चोपड़ा ने अपने दूसरे प्रयास में 79.61 मीटर का थ्रो किया और फाइनल में जगह पक्की होने के बाद तीसरा प्रयास नहीं किया।
रोहित यादव और यशवीर सिंह के प्रदर्शन में महज एक सेंटीमीटर का अंतर रहा, लेकिन दोनों खिलाड़ियों ने दबाव के बीच बेहतरीन खेल दिखाते हुए मेडल मुकाबले में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
क्वालीफिकेशन राउंड में श्रीलंका के रुमेश पथिराज ने 82.84 मीटर के थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया। ग्रेनाडा के दो बार के विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स 81.29 मीटर के साथ दूसरे और दक्षिण अफ्रीका के डौव स्मिट 80.64 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
इंग्लैंड के बेन ईस्ट (80.38 मीटर), ऑस्ट्रेलिया के कैमरन मैकिन्टायर (78.91 मीटर), पाकिस्तान के अरशद नदीम (78.63 मीटर), बहामास के कीशॉन स्ट्रैचन (78.60 मीटर), त्रिनिदाद और टोबैगो के केशॉर्न वॉलकॉट (78.26 मीटर) और नाइजीरिया के चिनेचेरेम न्नामदी (75.27 मीटर) ने भी फाइनल में जगह बनाई।
क्वालीफाइंग राउंड में केवल चार एथलीट ही 80 मीटर का आंकड़ा पार कर सके, जबकि कोई भी खिलाड़ी 84 मीटर के सीधे क्वालिफिकेशन मानक तक नहीं पहुंच पाया। अब 31 जुलाई को होने वाले फाइनल में भारतीय प्रशंसकों की नजरें नीरज, रोहित और यशवीर पर टिकी रहेंगी।

