वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियां तेज, दक्षिण अफ्रीका समेत 3 देशों में खेले जाएंगे मैच

स्पोर्ट्स डेस्क: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी इस बार दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। ICC ने टूर्नामेंट के लिए 12 होस्ट स्टेडियमों की सूची जारी कर दी है और साथ ही विश्व कप की नई ब्रांडिंग ‘Three Nations, One Heartbeat’ भी लॉन्च की गई है।

करीब 24 साल बाद पुरुष वनडे वर्ल्ड कप अफ्रीकी महाद्वीप में वापसी करेगा। इससे पहले साल 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने मिलकर इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। अब एक बार फिर अफ्रीका दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है।

12 स्टेडियमों में खेले जाएंगे वर्ल्ड कप के मुकाबले

दक्षिण अफ्रीका के 8 स्टेडियम:

  • वांडरर्स स्टेडियम, जोहान्सबर्ग
  • सुपरस्पोर्ट पार्क, सेंचुरियन
  • न्यूलैंड्स, केप टाउन
  • किंग्समीड, डरबन
  • सेंट जॉर्ज पार्क, गेबेरहा
  • मंगांग ओवल, ब्लोमफोंटेन
  • बोलैंड पार्क, पार्ल
  • बफेलो पार्क, ईस्ट लंदन

जिम्बाब्वे के 3 स्टेडियम:

  • हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे
  • क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो
  • फाले मोसी-ओआ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, विक्टोरिया फॉल्स

नामीबिया का 1 स्टेडियम:

  • नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड, विंडहोक

14 टीमें जीत के लिए भिड़ेंगी

ICC Men’s ODI World Cup 2027 में दुनिया की 14 सर्वश्रेष्ठ टीमें विश्व विजेता बनने के लिए मैदान में उतरेंगी। हालांकि टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल, मैचों की तारीखें और नॉकआउट मुकाबलों की जानकारी बाद में जारी की जाएगी।

‘Three Nations, One Heartbeat’ का संदेश

ICC ने वर्ल्ड कप 2027 के लिए ‘Three Nations, One Heartbeat’ थीम पेश की है। यह थीम तीनों मेजबान देशों की साझेदारी, सांस्कृतिक विविधता और एकता को दर्शाती है। यह अफ्रीकी दर्शन Ubuntu से प्रेरित है, जिसका अर्थ है- “मैं हूं, क्योंकि हम हैं।”

ICC का उद्देश्य इस थीम के जरिए दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों को एक साझा मंच से जोड़ना है।

जय शाह ने बताया ऐतिहासिक आयोजन

ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा कि तीन देशों में आयोजित होने वाला यह विश्व कप क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार आयोजनों में से एक बन सकता है। उन्होंने कहा कि 12 होस्ट वेन्यू और नई ब्रांड पहचान से दुनिया भर के क्रिकेट फैंस में उत्साह बढ़ेगा।

टिकट के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू

वर्ल्ड कप के मैच स्टेडियम में जाकर देखने के इच्छुक क्रिकेट प्रेमियों के लिए Interest Registration शुरू कर दिया गया है। रजिस्ट्रेशन कराने वाले फैंस को टिकट बिक्री, मैच शेड्यूल और टूर्नामेंट से जुड़े अपडेट की जानकारी पहले मिल सकेगी।

ICC जल्द ही टिकट बिक्री की तारीखों का ऐलान करेगा। 2027 का वनडे वर्ल्ड कप अफ्रीकी धरती पर क्रिकेट के रोमांच और संस्कृति का बड़ा उत्सव बनने की तैयारी में है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 768