सीडब्ल्यूजी 2026: गावित-बासिल की ऐतिहासिक 1-2 फिनिश पर पीएम मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा-एथलीट दिलीप महादु गावित और मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी को पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीतने पर बधाई दी। साथ ही पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में लगातार दूसरी बार रजत पदक जीतने वाले मुरली श्रीशंकर की भी सराहना की।

पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में दिलीप महादु गावित ने 10.71 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी ने 10.83 सेकंड के अपने सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ भारत ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में इस स्पर्धा में ऐतिहासिक 1-2 फिनिश दर्ज की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर गावित को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया और देश का गौरव बढ़ाया। वहीं बासिल की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका रजत पदक उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में मुरली श्रीशंकर ने 8.09 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर रजत पदक अपने नाम किया। यह कॉमनवेल्थ गेम्स में उनका लगातार दूसरा रजत पदक है। इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम 2022 में भी सिल्वर मेडल जीता था।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि श्रीशंकर का प्रदर्शन देश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा और भविष्य में उनसे और बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि गावित और बासिल की ऐतिहासिक 1-2 फिनिश भारत के लिए गर्व का क्षण है। वहीं उन्होंने मुरली श्रीशंकर के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनके दृढ़ संकल्प और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन ने देश का सम्मान बढ़ाया है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 892