नकली पायल देकर असली चांदी के जेवर ले भागने वाले अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार

दुर्ग। नकली धातु के पायल को असली चांदी का बताकर ज्वेलरी दुकान संचालक से असली चांदी के जेवर लेकर फरार होने वाले दो अंतर्राज्यीय ठगों को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से धोखाधड़ी से प्राप्त एक जोड़ी चांदी का पायल और खरीद रसीद बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 7 मई 2026 को मधुबन वाटिका खंडेलवाल कॉलोनी निवासी आशीष जैन ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दो व्यक्ति उनकी ज्वेलरी दुकान पहुंचे और अपने पास रखे पुराने पायल व हाथ का कड़ा असली चांदी का बताकर दिखाया। आरोपियों ने पुराने जेवर के बदले नया चांदी का पायल लेने की बात कही और अंतर की राशि 2200 रुपये जमा कर नया पायल लेकर चले गए।

रात में दुकान बंद करते समय जब पुराने पायल की जांच की गई तो वह नकली धातु का निकला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 232/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) बी.एन.एस. में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा आरोपियों द्वारा दिए गए आधार कार्ड के आधार पर उनकी तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन स्थित यात्री प्रतीक्षालय में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने नकली पायल देकर असली चांदी का पायल प्राप्त कर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक जोड़ी चांदी का पायल और महावीर ज्वेलर्स की खरीद रसीद जप्त की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश साहू (39 वर्ष), निवासी ग्राम पारकना, थाना मुंगावली, जिला अशोकनगर (मध्यप्रदेश) तथा प्रदीप श्रीवास्तव (35 वर्ष), निवासी ग्राम अमनचार, थाना मुंगावली, जिला अशोकनगर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि पुराने जेवर के बदले नए जेवर लेने अथवा खरीद-बिक्री के दौरान वस्तुओं की अच्छी तरह जांच और सत्यापन अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 351