दुर्ग | दुर्ग जिले की रानीतराई पुलिस ने अंतरराज्यीय ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, ग्राम रेंगाकठोरा निवासी समीर साहू की शिकायत पर रानीतराई थाने में अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 318(4), 3(5) और 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की। जांच में आरोपियों की लोकेशन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मिली। इसके बाद आवश्यक अनुमति लेकर रानीतराई पुलिस की टीम गाजियाबाद रवाना हुई।
पुलिस टीम ने इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी विश्वजीत मौर्य, उम्र 29 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल धारक राहुल कुमार के साथ मिलकर लोगों को सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया है।
आरोपी को 6 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को कम कीमत में सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर अपने झांसे में लेते थे और फिर उनसे रकम हासिल कर ठगी करते थे। मामले में अन्य संलिप्त लोगों और लेन-देन को लेकर जांच जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि कम कीमत में सोना या अन्य कीमती सामान दिलाने के लालच में आकर बिना सत्यापन के किसी पर भरोसा न करें। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम, मोबाइल या अन्य वित्तीय साधन इस्तेमाल करने के लिए न दें।
रानीतराई पुलिस की तकनीकी जांच और दूसरे राज्य तक पहुंचकर की गई इस कार्रवाई से ठगी के मामले में एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गया है।


