धमधा में रास गरबा महोत्सव का शानदार आगाज, दूसरे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

धमधा। नगर में आयोजित त्रिदिवसीय रास गरबा महोत्सव के दूसरे दिन अपार जनसमूह देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजे युवाओं और श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत की धुनों पर गरबा नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर कांग्रेस अध्यक्ष निर्मल जैन ने की। वहीं सर्व यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद ताम्रकार एवं श्रमजीवी पत्रकार संघ के ब्लॉक अध्यक्ष निकेत ताम्रकार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आयोजक वीर ताम्रकार ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर व्यापारी संघ अध्यक्ष आकाश पाराशर, ब्लॉक किसान बंधु अध्यक्ष आत्मा साहू सहित नगर के वरिष्ठ नागरिक और गणमान्यजन मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा कि गरबा महोत्सव हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और समाज में भाईचारे एवं सद्भाव को मजबूत करने का बेहतर माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

महोत्सव में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी। तीन दिवसीय इस आयोजन के माध्यम से नगर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिल रही है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1322