दुर्ग, 24 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम गाडाघाट स्थित तालाब के किनारे का है, जहां आरोपी 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से ₹11,100 नगद सहित जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गाडाघाट तालाब के किनारे कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही धमधा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान छह लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया, जबकि कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
छह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश वर्मा (30), हरि राम वर्मा (35), सुरेन्द्र पटेल (23) और तेज राम पटेल (19), सभी निवासी ग्राम गाडाघाट, तथा राम खिलावन यादव (54) और तवर निषाद (25), निवासी ग्राम घसरा शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से ₹11,100 नगद, 52 पत्ती ताश, प्लास्टिक की दरी और एलईडी लाइट जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ सहित अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी नजदीकी थाना या पुलिस को दें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए समय रहते कार्रवाई की जा सके।


