बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 750 पौवा अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, कार सहित 5.76 लाख का सामान जब्त

बेमेतरा, 24 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 750 पौवा देशी मसाला एवं अंग्रेजी शराब, कुल 1 लाख 35 हजार मिलीलीटर, तथा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार जब्त की गई है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 5 लाख 76 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को चौकी कंडरका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर की ओर से सफेद कार क्रमांक CG 04 QZ 0384 में बड़ी मात्रा में शराब भरकर ग्राम बोरसी क्षेत्र में बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने कंडरका-बोरसी मार्ग पर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान कार में शराब का अवैध परिवहन करते दो युवकों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीलकुमार निषाद (25 वर्ष) और दुर्गेश ध्रुव (25 वर्ष), निवासी ग्राम मुटपुरी, थाना चंदनू, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है। नीलकुमार निषाद वर्तमान में रायपुर के मोवा-सड्डू क्षेत्र में रह रहा था।

त्योहारों में बिक्री के लिए जुटाई थी शराब

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दशहरा और दीपावली के दौरान चोरी-छिपे शराब बेचने के उद्देश्य से रायपुर क्षेत्र की अलग-अलग शराब दुकानों से कई दिनों में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब एकत्र कर रहे थे। शराब की बड़ी खेप तैयार होने के बाद उसे ग्राम बोरसी में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। आरोपियों के साथ स्कूटी से आगे चल रहे दो अन्य साथी पुलिस की चेकिंग देखकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक डी.एल. सोना, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गीतांजलि, सहायक उप निरीक्षक संतोष धुर्वे, प्रधान आरक्षक दिनेश मंडावी तथा आरक्षक योगेश साहू, मुरली सोनी, चंद्रभूषण मारकंडे और डागेश्वर वर्मा सहित कंडरका पुलिस चौकी के स्टाफ का योगदान रहा।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1355