नशे में स्कूल वाहन चलाने का आरोप, यात्री प्रतीक्षालय से टकराई गाड़ी

धमधा। धमधा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग परसबोड़ चौक के पास बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों से भरी एक वाहन यात्री प्रतीक्षालय से जा टकराई। हादसे में छात्रा नेहा साहू के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिसका तत्काल उपचार के लिए धमधा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ रचना अग्रवाल के निर्देश में सभी बच्चों के स्वास्थ्य का जायजा लिया गया । जबकि वाहन में सवार अन्य बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक CG 04 HB 7637 स्वामी आत्मानंद स्कूल, धमधा के बच्चों को लेकर जा रहा था। आरोप है कि वाहन चालक संतानु यादव निवासी धरमपुरा पूर्णरूप से नशे की हालत में वाहन चला रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर परसबोड़ चौक स्थित यात्री प्रतीक्षालय में जा घुसा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल छात्रा को उपचार के लिए ले जाया गया।

स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल –

स्थानीय लोगों के अनुसार यह क्षेत्र में स्कूल वाहनों से जुड़ी पहली दुर्घटना नहीं है। इससे पहले भी स्वामी आत्मानंद स्कूल, धमधा से बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के आसपास शराब दुकान होने के कारण भी क्षेत्र में आए दिन विवाद और सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती है।

ठेलका चौक से धमधा तक मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की घटनाएं होने की बात भी स्थानीय लोगों ने कही है। लोगों ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल वाहनों की नियमित जांच, चालकों की मेडिकल जांच तथा शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना को लेकर पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दुर्घटना के वास्तविक कारण क्या थे और चालक की स्थिति क्या थी। वही थाना धमधा प्रभारी महेश कुमार ध्रुव तत्काल मामले में संज्ञान लेते हुए वहां चालक की खोज चालू कर दी है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1322