रायपुर। छत्तीसगढ़ में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा ऐलान किया है। राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।
फिल्म देखने के दौरान मुख्यमंत्री के साथ राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों तथा विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म का प्रदर्शन देखा।


युवाओं को संत परंपरा से जोड़ने में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश के अधिकाधिक दर्शकों, खासकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है।
उन्होंने कहा कि संतों ने अपने जीवन और आचरण के जरिए मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन मानव सेवा को ईश्वर की सच्ची सेवा के रूप में देखने की सीख देता है।
प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल शब्दों और सहज जीवन के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव को सर्वोच्च स्थान मिला। उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।
सिनेमा के जरिए संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि ‘हनुमान अंश’ फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने फिल्म को इन मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास बताया।
इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्ष और अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

