भिलाई। सेक्टर-04 पांडे चौक के पास रात्रि में अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाकर कोलाहल करना एक युवक को भारी पड़ गया। सूचना मिलने पर भिलाई भट्टी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए माजदा वाहन सहित डीजे साउंड सिस्टम जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 की रात करीब 9:40 बजे सूचना मिली थी कि सेक्टर-04 पांडे चौक के पास एक माजदा वाहन में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां तनिष चौधरी (24 वर्ष), निवासी न्यू खुर्सीपार द्वारा माजदा वाहन क्रमांक CG 07 LX 8552 में 6 डीजे साउंड बॉक्स लगाकर तेज आवाज में साउंड सिस्टम चलाना पाया गया।
पुलिस ने डीजे संचालन के संबंध में वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन अनुमति नहीं होने की बात लिखित रूप में बताई गई। इसके बाद पुलिस ने छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, 1985 की धारा 15 के तहत कार्रवाई करते हुए मौके से वाहन और साउंड सिस्टम जब्त कर इस्तगाशा क्रमांक 01/2026 तैयार किया।
क्या-क्या हुआ जब्त?
- माजदा वाहन क्रमांक CG 07 LX 8552
- 6 नग DJ साउंड बॉक्स
- 1 नग एम्पलीफायर
प्रकरण को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही अनुविभागीय दंडाधिकारी के समक्ष बॉन्ड जब्ती की कार्रवाई भी की जा रही है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने डीजे और साउंड सिस्टम संचालकों समेत आम नागरिकों से अपील की है कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में निर्धारित समय, ध्वनि सीमा और अनुमति संबंधी नियमों का पालन करें। बिना अनुमति या तय मानकों से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
CG Awaaz News | खबर वही, जो सच हो जहां से-

