दुर्ग। जिले में अवैध कीटनाशक कारोबार के मामले का खुलासा हुआ है। कृषि, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक बंद गोदाम से बड़ी मात्रा में कीटनाशक, जैव उर्वरक, सल्फर पाउडर, कच्चा माल और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में गोदाम में बिना लाइसेंस कीटनाशकों के निर्माण, भंडारण और बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है।
कार्रवाई के दौरान टीम ने 2259 लीटर तरल पदार्थ और 4712 किलोग्राम अन्य सामग्री जब्त की है। बरामद सामग्री में कीटनाशक, जैव उर्वरक, सल्फर पाउडर और अन्य कच्चा माल शामिल बताया गया है। टीम ने मौके से निर्माण में उपयोग होने वाली मशीनरी भी जब्त की है।
कृषि विकास अधिकारी निलंबित
मामले में कथित संलिप्तता सामने आने के बाद राज्य शासन ने कृषि विकास अधिकारी होतम सिंह रावत को निलंबित कर दिया है। जांच में यह बात सामने आने का दावा किया गया है कि डोंगरगढ़ में पदस्थ होतम सिंह रावत के निर्देश पर गोदाम का संचालन किया जाता था। हालांकि, मामले से जुड़े आरोपों की विस्तृत जांच अभी जारी है।
नमूने जांच के लिए भेजे गए
जब्त की गई कीटनाशक एवं अन्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। अधिकारियों द्वारा बरामद सामग्री की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट और सामने आए तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से कीटनाशक निर्माण और बिक्री करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।


