TRAI के नए नियम से मोबाइल ग्राहकों को राहत की उम्मीद, 28 दिन के बजाय 30 दिन की वैधता पर जोर

नई दिल्ली। मोबाइल रिचार्ज की 28 दिनों वाली वैधता को लेकर उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर सामने आई है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) के नए नियमों के बाद टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे प्लान उपलब्ध कराने होंगे, जिनसे खास तौर पर केवल कॉलिंग और एसएमएस का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को फायदा मिल सकता है।

दरअसल, 28 दिनों की वैधता वाले रिचार्ज के कारण ग्राहकों को साल में 12 महीनों के लिए 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता है। 365 दिनों के हिसाब से देखा जाए तो 28 दिन के साइकिल में एक अतिरिक्त रिचार्ज करना पड़ता है। हालांकि, नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों के प्लान की संरचना में बदलाव की संभावना है।

TRAI ने जारी किए नए नियम

TRAI ने Telecom Consumer Protection (Thirteenth Amendment) Regulations, 2026 लागू किए हैं। इसके तहत टेलीकॉम कंपनियों के लिए केवल वॉइस और SMS वाले स्पेशल टैरिफ वाउचर उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। इन प्लान की वैधता डेटा बंडल वाले संबंधित प्लान के अनुरूप रखी जानी है।

इसके अलावा, जिन ग्राहकों को मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है, उनके लिए टैरिफ में आनुपातिक कटौती का भी प्रावधान किया गया है। इसका फायदा उन उपभोक्ताओं को हो सकता है, जो मुख्य रूप से कॉलिंग और SMS के लिए मोबाइल रिचार्ज कराते हैं।

300 रुपये के रिचार्ज से समझें गणित

मान लीजिए कोई ग्राहक 300 रुपये का रिचार्ज 28 दिनों की वैधता के साथ कराता है। ऐसे में 365 दिनों की सेवा के लिए उसे साल में 13 बार रिचार्ज करना पड़ सकता है। इससे उसका सालाना खर्च करीब 3,900 रुपये हो जाता है।

वहीं, यदि 300 रुपये के प्लान की वैधता 30 दिन कर दी जाती है, तो साल में 12 रिचार्ज की जरूरत होगी और कुल खर्च 3,600 रुपये रह जाएगा। इस हिसाब से सालाना करीब 300 रुपये की बचत हो सकती है। हालांकि, यह बचत तभी होगी जब कंपनियां समान कीमत पर 30 दिनों की वैधता वाला प्लान उपलब्ध कराएं।

इसी तरह 250 रुपये के प्लान में भी 28 दिन की जगह 30 दिनों की वैधता मिलने पर सालाना रिचार्ज की संख्या कम हो सकती है और करीब 250 रुपये तक की बचत संभव है।

बिना डेटा वाले ग्राहकों को भी फायदा

ऐसे कई मोबाइल यूजर्स हैं, जो घर, ऑफिस या कॉलेज में Wi-Fi का इस्तेमाल करते हैं और उन्हें हर महीने मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं पड़ती। ऐसे ग्राहक मुख्य रूप से कॉलिंग और OTP या SMS के लिए रिचार्ज कराते हैं।

नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को बिना डेटा वाले वॉइस और SMS प्लान भी उपलब्ध कराने होंगे। इससे ग्राहकों को उन मोबाइल डेटा सेवाओं के लिए भुगतान करने से राहत मिल सकती है, जिनका वे इस्तेमाल नहीं करते।

हालांकि, वास्तविक बचत इस बात पर निर्भर करेगी कि टेलीकॉम कंपनियां नए नियमों के तहत कौन-कौन से प्लान और उनकी कीमतें पेश करती हैं।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1322