नया बस स्टैंड स्थित राधा माधव एवं महाकालेश्वर मंदिर में दिनभर चला भक्ति कार्यक्रम, मध्यरात्रि में हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
धमधा। नया बस स्टैंड स्थित श्री हित राधा माधव एवं महाकालेश्वर मंदिर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्ति गीतों और भजनों से गूंजता रहा। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए अपनी आस्था प्रकट करते नजर आए।
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में दोपहर से भंडारा एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। इसके साथ ही हनुमंत भजन मंडली द्वारा भजन सेवा, बच्चों द्वारा श्लोक एवं भजन प्रतियोगिता तथा श्री सिद्धि विनायक सेवा मंडली द्वारा भजन प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में बच्चों और महिला समूहों की भी सक्रिय सहभागिता रही।
पर्व का मुख्य आकर्षण मध्यरात्रि में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव रहा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पावन क्षण का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे। जैसे ही मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, मंदिर परिसर “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
आयोजन को लेकर मंदिर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन एवं पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन में शिव कहार (नानू), अमित कुमार यादव, अरुण अग्रवाल, कुलदीप (बंटी) यादव, टिकेंद्र धीवर, घनश्याम शर्मा, डेकेस कहार, नितेश ठाकुर, दुर्गेश राजपूत, योगेश राजपूत, पंकज गुप्ता, लोकेश देवांगन, रोहित कहार, खुमान यादव, गोलू यादव सहित मंदिर समिति के सदस्यों, नन्हे भक्तों एवं महिला समूह का सहयोग रहा।

