बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र के हवाई यात्रियों के लिए एयर कनेक्टिविटी से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। एलायंस एयर ने यात्रियों की कम संख्या के चलते बिलासपुर-अंबिकापुर-कोलकाता हवाई सेवा में अंबिकापुर स्टॉप को हटा दिया है। अब बिलासपुर से कोलकाता के बीच उड़ान सीधे संचालित होगी। वहीं, क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई 91 की ओर से नए विमानों का ऑर्डर दिए जाने के बाद बिलासपुर एयरपोर्ट से नए शहरों के लिए उड़ान शुरू होने की उम्मीद भी मजबूत हुई है।
अंबिकापुर स्टॉप हुआ बंद, बिलासपुर-कोलकाता सीधी उड़ान जारी
एलायंस एयर ने समर शेड्यूल के तहत 2 अप्रैल से सप्ताह में दो दिन बिलासपुर-अंबिकापुर-कोलकाता मार्ग पर विमान सेवा शुरू की थी। यह सेवा गुरुवार और शनिवार को संचालित होती थी। हालांकि, अंबिकापुर के दरिमा एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। इसके चलते एयरलाइन ने अंबिकापुर स्टॉप को हटाने का फैसला लिया है।
अंबिकापुर स्टॉप समाप्त होने के बाद भी बिलासपुर से कोलकाता के बीच हवाई सेवा जारी रहेगी। सीधे संचालन से बिलासपुर से कोलकाता जाने वाले यात्रियों को यात्रा के समय में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
Fly91 के 40 नए विमानों से बढ़ी उम्मीद
दूसरी ओर, क्षेत्रीय एयरलाइन फ्लाई 91 ने अपने बेड़े के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने करीब 9,500 करोड़ रुपये की लागत से 40 नए ATR-72-600 विमानों का ऑर्डर दिया है। कंपनी का संचालन आधार गोवा और हैदराबाद में है।
फ्लाई 91 की ओर से बिलासपुर से उड़ान शुरू करने में रुचि दिखाई गई है। खासतौर पर बिलासपुर-हैदराबाद हवाई मार्ग को लेकर संभावनाएं जताई जा रही हैं। इससे पहले इस रूट पर किए गए ट्रायल के दौरान अच्छी बुकिंग मिलने की बात सामने आई थी। वहीं, हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति भी एयरलाइन प्रबंधन के संपर्क में बनी हुई है।
दिल्ली की फ्लाइट फुल, नई उड़ानों की मांग तेज
बिलासपुर से महानगरों के लिए हवाई यात्रा की बढ़ती मांग का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि रविवार को बिलासपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट पूरी तरह फुल रही। इससे क्षेत्र में बेहतर हवाई कनेक्टिविटी की जरूरत साफ दिखाई देती है।
इसी मांग को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति की ओर से बिलासपुर में अखंड महाधरना भी जारी है। समिति की प्रमुख मांगों में नाइट लैंडिंग की सुविधा, एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करना और नए शहरों के लिए नियमित उड़ानें शुरू करना शामिल है।
अब एलायंस एयर द्वारा अंबिकापुर स्टॉप हटाए जाने के बीच Fly91 की संभावित एंट्री ने बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और नई हवाई सेवाओं को लेकर यात्रियों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।

