नई दिल्ली। एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीमें एक बार फिर उसी सफलता को दोहराने की तैयारी में हैं। 2023 के हांग्झू एशियन गेम्स में पुरुष और महिला दोनों भारतीय टीमों ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था। अब 2026 में भारत की नजर एक बार फिर स्वर्ण पदक पर है। हालांकि, इस बार मैदान में उतरने वाली टीमों का संयोजन पहले से काफी अलग दिखाई दे रहा है। पुरुष टीम में बड़े बदलाव हुए हैं, जबकि महिला टीम में पुराने खिलाड़ियों का मजबूत आधार बरकरार है।
श्रेयस अय्यर संभालेंगे पुरुष टीम की कमान
2023 में ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में उतरी भारतीय पुरुष टीम की कमान अब श्रेयस अय्यर के हाथों में है। 2023 के 15 सदस्यीय दल में से सिर्फ पांच खिलाड़ी—तिलक वर्मा, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह—2026 की टीम में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे हैं।
टीम में इस बार कई नए चेहरे शामिल किए गए हैं। बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को मौका मिला है। वहीं, गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ियों की एंट्री हुई है। इसके अलावा अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ऑलराउंडर के तौर पर टीम को मजबूती देंगे।
महिला टीम में बरकरार है चैंपियन खिलाड़ियों का आधार
महिला टीम की बात करें तो यहां 2023 की तुलना में ज्यादा निरंतरता देखने को मिल रही है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम एक बार फिर गोल्ड मेडल के लिए मैदान में उतरेगी।
2023 की स्वर्ण पदक विजेता टीम की छह प्रमुख खिलाड़ी इस बार भी स्क्वॉड का हिस्सा हैं। इनमें कप्तान हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और विकेटकीपर ऋचा घोष शामिल हैं।
गेंदबाजी विभाग में रेणुका सिंह ठाकुर, राधा यादव, श्री चरणी और क्रांति गौड़ को जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे में महिला टीम के पास अनुभव और युवा प्रतिभा का अच्छा संतुलन नजर आ रहा है।
2023 की सफलता दोहराने की चुनौती
2023 के हांग्झू एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक जीता था, जबकि महिला टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 19 रन से हराकर गोल्ड अपने नाम किया था। अब 2026 में दोनों टीमों के सामने उस प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती होगी।
महिला टीम 17 सितंबर को जापान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। वहीं पुरुष टीम का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेला जाएगा।
बदले हुए खिलाड़ियों और नए संयोजन के साथ भारतीय टीमें इस बार भी एशियन गेम्स में अपनी बादशाहत कायम रखने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

